भोपाल, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। केरल में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं की हो रही हत्या के विरोध में निकाली जा रही जनरक्षा यात्रा में हिस्सा लेने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की मध्यप्रदेश इकाई से 200 कार्यकर्ता जाएंगे।
भाजयुमों के प्रदेशाध्यक्ष अभिलाष पाण्डे ने एक बयान जारी कर बताया है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की अगुवाई में केरल में जनरक्षा यात्रा निकाली जा रही है। प्रदेश से 200 कार्यकर्ता 14 अक्टूबर को केरल के एलेप्पी में पहुंचकर मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन सरकार का विरोध दर्ज कराएंगे।
पाण्डे ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन के कार्यकाल में संघ एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हो रही है। कई वारदात तो उनके गृह जिले में हुई है। केरल हिंदुत्व की प्राचीन धरती रही है, मगर मार्क्सवादियों के शासन में आने के बाद यह जिहादी आतंकवाद का पनाहगार बन गया है। राजनीतिक हिंसा यहां पर आम बात हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि संघ और भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या पर मानवाधिकार की बात करने वाले लोगों की खामोशी पर सवाल उठते हैं। केरल सरकार की चुप्पी भी आतंकवाद को बढ़ावा दे रही है।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी ने हालांकि हाल ही में कहा है कि सच तो यह है कि केरल में संघ और भाजपा कार्यकर्ताओं से ज्यादा माकपा कार्यकर्ताओं की हत्या हुई है। इस सच को छुपाने के लिए संघ और भाजपा द्वारा दुष्प्रचार किया जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath