नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत ने शनिवार को श्रीलंका से उसके कब्जे में भारत की सभी मछली मारने वाली नौकाओं को भारत को सुपुर्द करने के लिए कहा। भारत के कृषि मंत्री राधामोहन सिंह और श्रीलंका के मत्स्य मंत्री महिंद्रा अमरवीरा के बीच बैठक के बाद जारी बयान में इसका उल्लेख किया गया।
बयान के अनुसार, “भारतीय पक्ष ने हाल के दिनों में श्रीलंकाई नौसेना द्वारा पकड़े गए मछुआरों और मछली मारने की नौकाओं को श्रीलंका सरकार द्वारा छोड़े जाने पर संतुष्टि व्यक्त की, लेकिन भारत सरकार ने श्रीलंका के कब्जे में सभी भारतीय नौकाओं को छोड़े जाने की मांग की।”
बयान के अनुसार, भारतीय पक्ष ने श्रीलंका सरकार के साथ पाक जलडमरूमध्य में बॉटम ट्रावलिंग (एक साथ ज्यादा मछली पकड़ने की विधा) समाप्त करने का फैसला लिया है और साथ ही नीली क्रांति योजना के तहत गहरे समुद्र में मछली मारने के लिए बॉटम ट्रेसलर्स की विविधता से संबंधित कार्यक्रम लांच किया।
बयान में बताया गया है कि पाक जलडमरूमध्य क्षेत्र में तमिलनाडु सरकार ने नया पंजीकरण बंद कर दिया है।
बयान के अनुसार, पाक जलडमरूमध्य क्षेत्र के आसपास के मछली मारने वाले समुदायों के वैकल्पिक जीवकोपार्जन के लिए समुद्री पिंजरा खेती, शैवाल खेती और अन्य तटीय मत्स्य गतिविधि जैसे अवसरों की चर्चा की गई।
भारत की ओर से बॉटम ट्रेवलिंग को समाप्त किए जाने की जानकारी श्रीलंका को देने के बाद श्रीलंका ने भी अवैध मत्स्य गतिविधि पर रोक लगाने के लिए उठाए गए कदम के बारे में बताया।
बयान के अनुसार, दोनों मंत्री मछुआरों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए मसले का हल जल्द से जल्द निकालने पर सहमत हुए।
dharmpath.com dharmpath