एसपी देहात मेरठ राजेश कुमार ने बताया कि दिल्ली पुलिस के डीसीपी शोभित सक्सेना ने सुबह सात बजे सूचना दी कि दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर के सामने से ओला कैब लूट ली गई है। इस कैब में जीपीएस ट्रैकर लगा हुआ था। ट्रैकर के जरिये गाड़ी की लोकेशन मवाना क्षेत्र में मिली।
डीसीपी की सूचना पर एसपी देहात ने मवाना, किला परीक्षितगढ़ समेत पूरे देहात की पुलिस को अलर्ट करते हुए बदमाशों को घेरने का आदेश दिये। जिसके बाद इलाके में सघन चेकिंग शुरू कर दी गई। इस बीच मवाना थाना क्षेत्र के किला परीक्षितगढ़ रोड पर पुलिस ने ओला कैब सवार बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। जिस पर बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। दोनों ओर से चली गोलियों में एक बदमाश बदमाश संजय घायल हो गया और उनकी ओला कैब सड़क किनारे पलट गई। जिसके बाद पुलिस ने संजय और आसिफ को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक बदमाश मौके से फरार हो गया।
मवाना इंस्पेक्टर दीपक शर्मा ने बताया कि बदमाशों से लूटी गई ओला कैब, 2 तमंचे.315 बोर, 06 जीवित कारतूस व 02 खोखा कारतूस बरामद किए है। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों ने आनंद विहार से द्वारका के लिए ओला कैब बुक की थी। ये ग्राहक बनकर गाड़ी में बैठे थे। अक्षरधाम मंदिर के सामने इन्होंने ओला कैब लूट ली थी। इंस्पेक्टर ने बताया कि मुठभेड़ में घायल बदमाश संजय को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
dharmpath.com dharmpath