चंडीगढ़, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। गुरदासपुर लोकसभा सीट के लिए 11 अक्टूबर को हुए उप-चुनाव के वोटों की गिनती रविवार को जारी है।
वोटों की गिनती गुरदासपुर और पठानकोट शहरों में बने केंद्रों में की जा रही है।
उपचुनाव में भाग लेने वाले 11 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला रविवार दोपहर तक तय हो जाएगा।
इस सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्वर्ण सलारिया, कांग्रेस के सुनील कुमार जाखड़ और आम आदमी पार्टी (आप) मेजर जनरल सुरेश कुमार खजुरिया (सेवानिवृत्त) मुख्य दावेदार हैं।
लगभग 15.22 लाख पंजीकृत मतदाताओं में से करीब 56 प्रतिशत ने इस चुनाव में अपना मताधिकार का प्रयोग किया था।
2014 के आम चुनावों में हुए 70 प्रतिशत मतदान के मुकाबले इस बार काफी कम मतदान हुआ।
इस सीट पर चार बार सांसद रहे विनोद खन्ना के अप्रैल में निधन के बाद यह सीट खाली हो गई थी।
यह उपचुनाव भाजपा के लिए काफी महत्वपूर्ण है, जो इस सीट को बरकरार रखने की कोशिश कर रही है।
वहीं, कांग्रेस, जिसने हाल ही में पंजाब में शानदार जीत दर्ज की थी और आप जो एक मजबूत दावेदार के तौर पर उभरने की कोशिश कर रही है, के लिए भी यह चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है।
dharmpath.com dharmpath