खंडवा, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के खंडवा में बनाए गए जल पर्यटन स्थल हनुवंतिया में रविवार की शाम को जल महोत्सव शुरू हुआ और रात के कई टेंटों में आग लग गई। यह टेंट सैलानियों के थे। रात में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य कई लोग भी यहां रुके हुए हैं।
राज्य के पर्यटन राज्य मंत्री सुरेंद्र पटवा ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए स्वीकार किया कि हनुवंतिया में जल महोत्सव शुरू होने के बाद कुछ टेंटों में आग लगी है। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है। आग बुझाने का काम जारी है। यह हादसा कैसे हुआ इसकी जांच कराई जाएगी।
इससे पहले हनुवंतिया जल महोत्सव का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हनुवंतिया के साथ ही बाणसागर, गांधी सागर, बरगी एवं भोपाल की झील के अलावा ऐसी सभी जल-संरचनाओं पर जल-महोत्सव प्रारंभ किए जाएंगे। हनुवंतिया में निजी सहयोग से और अधिक विकास कार्य जारी हैं।
dharmpath.com dharmpath