अहमदाबाद, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को यहां पार्टी कार्यकर्ताओं की एक सभा को संबोधित कर सकते हैं और इस दौरान कई परियोजनाओं की घोषणा कर सकते हैं। भाजपा पहली बार राज्य में बिना मोदी के मुख्यमंत्री रहते विधानसभा चुनाव लड़ने जा रही है।
अहमदाबाद-गांधीनगर राजमार्ग के समीप भाट गांव में पांच वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में हो रहे गुजरात गौरव महासम्मेलन में भाजपा के कम से कम सात लाख कार्यकर्ताओं के आने की उम्मीद है।
गुजरात चुनावों की घोषणा से पहले यह संभवत: भाजपा की आखिरी सभा होगी। गुजरात में विधानसभा चुनाव दिसंबर में हो सकते हैं।
एक महीने में दौरान राज्य में प्रधानमंत्री का यह चौथा दौरा है। इस वर्ष उन्होंने गुजरात के आठ दौरे किए हैं। इस दौरान उन्होंने कई घोषणाएं कीं और वह कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की आधारशिला कार्यक्रम में उपस्थित हुए।
भाजपा के प्रवक्ता भरत पांडे के मुताबिक, प्रधानमंत्री 23 अक्टूबर को फिर गुजरात आएंगे और भावनगर मे घोघा-दाहेज रो-रो फेरी सेवा का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी यहां 18 बार आधिकारिक दौरे पर आ चुके हैं।
उन्होंने इससे पहले 7 और 8 अक्टूबर को राज्य में ग्रीनफील्ड राजकोट हवाईअड्डा, ओखा-बेट द्वारका केबल पुल और भादबहुट नर्मदा बैराज की 12,000 करोड़ की परियोजना की आधारशिला रखी थी।
dharmpath.com dharmpath