चंडीगढ़, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। हरियाणवी गायिका और डांसर हर्षिता दहिया की कुछ अज्ञात बदमाशों ने हरियाणा के पानीपत जिले में गोली मारकर हत्या कर दी। वह मंगलवार को एक गांव में कार्यक्रम पेश करने के बाद वापस आ रही थीं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि हर्षिता पानीपत के इसराना ब्लॉक के चमरारा गांव से कार में वापस आ रही थीं, जिस दौरान उन्हें नजदीक से पांच-छह गोली मारी गई।
कार में उनके साथ तीन अन्य लोग भी थे, लेकिन बदमाशों ने उन्हें निशाना नहीं बनाया। हमलावर काले रंग की कार में थे।
यह घटना शाम लगभग 4.30 बजे हुई।
22 वर्षीय हर्षिता सोनीपत जिले की रहने वाली थीं। उन्होंने हाल में एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिल रही है, लेकिन उन्हें इसका डर नहीं है।
उन्होंने इस बारे में पुलिस को बताया या नहीं, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।
हर्षिता एक डांसर और हरियाणवी ‘रागिनी’ गायिका थीं।
पुलिस ने कहा कि अपराधियों की तलाश की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath