बिहार : दिवाली पर अनहोनी से निपटने के लिए पुख्ता व्यवस्था

पटना, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रकाश पर्व दिवाली मनाने के लिए बिहार पूरी तरह तैयार हो गया है। राज्य में रोशनी के पर्व को लेकर किसी प्रकार की अनहोनी से निपटने के लिए संवेदनशील स्थानों में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं, वहीं अस्पतालों में भी इलाज के लिए चिकित्सकों को मुस्तैद रखा गया है।

गुरुवार को दिवाली मनाने के लिए लोग बुधवार को अंतिम खरीददारी करने में व्यस्त रहे। प्रशासन भी दिवाली को लेकर चौकस हो गया है। राज्य में पुलिस को सतर्क कर दिया गया है तथा संवेदनशील इलाकों में गश्त तेज करने का निर्देश दिया गया है।

राज्य पुलिस मुख्यालय के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि पटना और भागलपुर में एक-एक कंपनी त्वरित क्रिया बल (आरएएफ) तथा कटिहार और सीतामढ़ी में एक-एक कंपनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों को तैनात किया गया है। पटना के सभी इलाकों में सघन गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

इधर, अस्पतालों में भी चिकित्सकों को मुस्तैद किया गया है। पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में सभी विभागों को सतर्क रखा जा रहा है। मुख्य रूप से किसी अनहोनी घटना को देखते हुए आपातकाल के लिए तैयार रखा जा रहा है।

पटना के जिलाधिकारी संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि दिवाली को लेकर निजी और सरकारी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है। उन्होंने लोगों से रात दस बजे के बाद पटाखा नहीं छोड़ने की अपील की है।

फायर स्टेशनों को भी सतर्क कर दिया गया है। इसके तहत हर फायर स्टेशन को तैयार रहने और सूचना पर तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

पटना में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए भी आवश्यक तैयारी की गई है। एक अधिकारी के मुताबिक पटना के सभी डिवीजनों में स्पेशल कंट्रोल रूम बनाया गया है। ब्रेकडाउन होने की स्थिति में सूचना मिलने पर तत्काल पहुंचकर मरम्मत करने के लिए अलग टीम बनाई गई है।

इधर, धन की देवी मां लक्ष्मी के स्वागत में पटना सहित अन्य शहरों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। शहरों से लेकर कस्बों तक के इलाके बिजली के रंग-बिरंगे बल्बों से जगमग हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493