भोपाल, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अमेरिका की यात्रा पर हैं। इस दौरान उन्होंने राज्य की सड़कों को अमेरिका की सड़कों से बेहतर बताया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए मुख्यमंत्री चौहान के बयान में कहा गया है, “जब मैं वाशिंगटन के हवाईअड्डे पर उतरने के बाद सड़क मार्ग से गया तो मुझे लगा कि मध्य प्रदेश की सड़कें अमेरिका से कहीं अधिक बेहतर हैं।”
मुख्यमंत्री चौहान मंगलवार को वाशिंगटन में यूएस-इंडिया स्ट्रेटेजिक फोरम द्वारा निवेशकों के साथ आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने राज्य की नीतियों का जिक्र किया। साथ ही कहा कि राज्य में निवेशकों के लिए ‘सिंगल विंडो’ प्रणाली अपनाई गई है।
शिवराज अमेरिका में कई कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। वे राज्य के उद्योग को बढ़ावा देने वाली नीतियों को बताने के साथ ही निवेशकों को राज्य में आमंत्रित कर रहे हैं। चौहान मुख्य रूप से वाशिंगटन डीसी में मंगलवार को विश्व प्रसिद्घ रसेल सीनेट हॉल में पं दीनदयाल उपाध्याय फोरम के शुभारंभ सत्र को संबोधित किया। इसका आयोजन भारतीय दूतावास के सहयोग से फाउंडेशन फार इंडिया एंड इंडिया डायस्पोरा स्टडीज यूएसए द्वारा किया गया था।
इसके अलावा यूनाईटेड स्टेट कांग्रेस की पहली हिंदू सदस्य तुलसी गबार्ड ने वाशिंगटन में चौहान से मुलाकात की और विभिन्न विषयों पर चर्चा की। गबार्ड मात्र 21 वर्ष की आयु में राज्य विधायिका में चयनित हुई थीं। गबार्ड ने हाल ही में भगवत् गीता के उद्घरण के साथ विधायिका के सदस्य के तौर पर शपथ ग्रहण की थी।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक जीवन में लोक सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। मुख्यमंत्री ने गबार्ड को मध्य प्रदेश में तेजी से हुए विकास की जानकारी दी।
dharmpath.com dharmpath