जूनियर हॉकी : आस्ट्रेलिया ने भारत को दी मात

जोहोर बाहरू (मलेशिया), 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत की जूनियर पुरुष हॉकी टीम को सातवें सुल्तान जोहोर कप में गुरुवार को आस्ट्रेलिया के हाथों तमन दया हॉकी स्टेडियम में करीबी मुकाबले में 3-4 से हार का सामना करना पड़ा।

भारत के लिए दिलप्रीत सिंह ने 30वें और 47वें मिनट में गोल किए जबकि संजय ने नौवें मिनट में गोल किया। आस्ट्रेलिया के लिए जोएल रिनटाला ने तीसरे, कोबी ग्रीन ने 36वें, जोनाथन ब्रेथटरेन ने 45वें और नाथन इफारुमस ने 49वें मिनट में गोल किए।

आस्ट्रेलिया ने शुरुआत से ही भारतीय टीम को दबाव में रखा। उसने तीसरे मिनट में गोल करते हुए 1-0 से बढ़त ले ली थी, हालांकि भारत ने बराबरी करने में ज्यादा देर नहीं लगाई और संजय ने नौवें मिनट में गोल करते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने बराबर की हॉकी खेली। हालांकि क्वार्टर खत्म होने से कुछ देर पहले ही आस्ट्रेलियाई टीम की एक चूक से भारत को काउंटर अटैक करने का मौका मिला और दिलप्रीत ने भारत को 2-1 से आगे कर दिया।

तीसरे क्वार्टर की शुरुआत से आस्ट्रेलियाई टीम बराबरी की कोशिश में लगी थी जो 36वें मिनट में सफल रही। इस समय आस्ट्रेलिया को पेनाल्टी कॉर्नर मिला जिस पर ग्रीन ने गोल करते हुए स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया।

45वें मिनट में ब्रेथटरेन ने पेनाल्टी पर चूकने के बाद रिबाउंड पर गोल मारा।

अंतिम क्वार्टर में भारत ने आस्ट्रेलियाई टीम पर दबाव बनाया 47वें मिनट में भारत ने बराबरी भी कर ली। दिलप्रीत ने स्कोर 3-3 कर दिया था लेकिन आस्ट्रेलिया अंतिम समय में भारत से बेहतर साबित रही और दो मिनट बाद ही इफारुमस ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर स्कोर 4-3 कर दिया। यहां से भारत आगे नहीं निकल सका।

भारत अपने अगले मैच में शनिवार को ब्रिटेन से भिड़ेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493