लखनऊ, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व उसके आसपास के जिलों में शुक्रवार सुबह तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, मौसम के रुख में अब बदलाव दिखाई दे रहा है इसलिए तापमान में कमी आ रही है। अगले कुछ दिनों तापमान में और कमी आएगी और ठंडक में इजाफा होगा।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी गुप्ता के अनुसार, दिन में धूप निकलेगी लेकिन उसका तीखापन कम होगा। अक्टूबर के तीसरे सप्ताह से आमतौर पर पारे में गिरावट देखी जाती है। इस अवधि में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है।
उन्होंने कहा कि पछुआ हवाओं का बहना शुरू हो गया है इसीलिए तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। तापमान में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई जबकि अधिकतम तापमान भी जल्द ही 30 डिग्री तक आने की संभावना है।
गुप्ता ने बताया कि नवंबर के पहले सप्ताह तक ठंड शुरू हो जाएगी। इस सप्ताह के बाद से मौसम के रुख में बदलाव आएगा और अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी आनी शुरू हो जाएगी। गुरुवार को रात का तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
लखनऊ के अतिरिक्त शुक्रवार को गोरखपुर का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 22.4 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद का 24 डिग्री सेल्सियस, झांसी का 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath