चित्रकूट में कांग्रेस को जनता सबक सिखाएगी : शर्मा

सतना, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई के महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा है कि चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव में वहां की जनता कांग्रेस को सबक सिखाएगी।

शर्मा ने रविवार को संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि चित्रकूट क्षेत्र की जनता विकास के लिए किस को चुनना है, बखूबी जानती है। वहां मतदाता सामंतशाही के खिलाफ डटकर खड़ा है। भयमुक्त चित्रकूट अब विकास की राह पर सरपट दौड़ने लगा है।

शर्मा ने कांग्रेस के विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वे विकास में बाधक बने हैं और यहां का मतदाता नौ नवंबर को उन्हें सबक सिखाने वाला है।

शर्मा ने आगे कहा कि चित्रकूट क्षेत्र की जनता विकास चाहती है। समूचा विंध्य ही नहीं, पूरा मध्यप्रदेश जानता है कि चुरहट को पिछड़ा बनाने वाले अजय सिंह का इतिहास भ्रष्टाचार से शुरू होता है। सतना जिले की जनता चुरहट लटरी कांड को कभी भूली ही नहीं है।

उन्होंने कहा कि दबाव और गुंडागर्दी की राजनीति को किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चित्रकूट क्षेत्र की जनता अपने स्वाभिमान की लड़ाई लड़ रही है। चुरहट बनाम चित्रकूट की, इस लड़ाई में जनता भाजपा के साथ है। चित्रकूट क्षेत्र में लड़ाई राजा और प्रजा के बीच है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493