भोपाल, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में होने जा रहे महाविद्यालयों के छात्रसंघ चुनाव से पहले ही मारपीट का दौर शुरू हो गया है। शनिवार को कई स्थानों पर छात्र संगठनों से जुड़े नेताओं व कार्यकर्ताओं में मारपीट हुई, वहीं देर रात (शनिवार) को नीमच में एक छात्र की गोली लगने से मौत हो गई।
राज्य में शनिवार को कक्षा प्रतिनिधि के लिए नामांकन पत्र भरे गए थे। इस दौरान जबलपुर में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के गुटों में कई जगह मारपीट हुई।
वहीं नीमच के जावद में रात लगभग साढ़े 11 बजे राहुल बंजारा (25) की गोली लगने से मौत हो गई। यहां छात्रों के दो समूह एक दूसरे को धमका रहे थे, इसी दौरान छात्र हिंदू सेना के प्रतिनिधि ने धमकाने की नीयत से देशी कट्टे से फायर किया, जो राहुल को जा लगा और उसकी मौत हो गई।
जावद थाने के प्रभारी संजय हिंडोलिया ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि इस मामले में पटवारी नवनीत तिवारी को गिरफ्तार किया गया है।
dharmpath.com dharmpath