युवाओं के लिए प्रेरणादायी है ‘लौह पुरुष’ की जीवनी : सुशील मोदी

पटना, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के मौके पर मंगलवार को बिहार की राजधानी पटना में ‘एकता दौड़’ का आयोजन किया गया। इस मौके पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि सरदार और लौह पुरुष की जीवनी आज के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि लौह पुरुष ने अखंड भारत का संदेश दिया था।

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान से प्रारंभ ‘एकता दौड़’ मौर्या लोक कांप्लेक्स तक गई। इस दौड़ में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, सुशील मोदी सहित कई भाजपा नेताओं के साथ-साथ कई मंत्री, विधायकों और आम लोगों ने भाग लिया।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा, “लौह पुरुष की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देश भर में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन हो रहा है। आज देश सरदार को नमन कर रहा है।”

मोदी ने युवा पीढ़ी से अपील करते हुए कहा, “सरदार पटेल की जीवनी पढ़ने और उनके व्यक्तिव को समझने से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय हिस्सेदारी निभाई जा सकती है। ‘लौह पुरुष’ गांधी जी द्वारा दी गई ‘सरदार’ की संज्ञा के सही मायने में हकदार थे। बताया जाता है कि सरदार पटेल ने 500 से ज्यादा रियासतों को मिलाकर वर्तमान अखंड भारत का स्वरूप दिया।”

‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाई जा रही पटेल की जयंती पर राज्य सरकार द्वारा भी ‘एकता दौड़’ का आयोजन किया गया, जो राजभवन के राजेंद्र चौक से शुरू होकर पटेल चौराहा होते हुए इको पार्क जाकर समाप्त हो गई। इस कार्यक्रम में कई अधिकारियों ने भाग लिया।

इस दौड़ में राज्य के मुख्य सचिव अंजनी सिंह, पुलिस महानिदेशक पी़ क़े ठाकुर, पटना के जिलाधिकारी संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज समेत कई अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

इसके अलावा राज्य के कई हिस्सों में भी ‘एकता दौड़’ का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकरियों आर बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया तथा देश की एकता का संकल्प लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493