नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत में रचनात्मक मस्तिष्कों को निखारते हुए 25 वर्ष पूरे करने पर डिजाइन, फैशन, रचनात्मक कारोबार और मीडिया क्षेत्र के प्रमुख संस्थान पर्ल एकेडमी ने रचनात्मक करियर के लिए उनकी रचनात्मकता को प्रदर्शित करने के लिहाज से छात्रों के लिए क्वार्टर सेंचुरी स्कॉलरशिप्स की घोषणा की है।
पहली बार पर्ल एकेडमी ने बड़े पैमाने पर छात्रवृत्ति के अवसर की पेशकश की है, जहां चुनिंदा सर्वश्रेष्ठ 25 छात्र 2.5 लाख रुपये की छात्रवृत्ति हासिल कर सकेंगे और अगले 500 चुनिंदा उम्मीदवारों को 50,000 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी।
छात्रवृत्ति के विजेताओं को चुनने के लिए एक प्रतियोगिता का आयोजन 18 नवंबर 2017 को पूरे देश के दस अलग-अलग जगहों पर किया जाएगा और इस प्रतियोगिता 12वीं और स्नातक अंतिम वर्ष में पढ़ाई कर रहे छात्र हिस्सा ले सकेंगे। इन स्थानों में नई दिल्ली, जयपुर, कोलकाता, लखनऊ, पुणे, अहमदाबाद, नोएडा, पटना, भोपाल, लुधियाना और बेंगलुरु शामिल हैं। मुंबई में इस प्रतियोगिता का आयोजन 25 नवंबर, 2017 को पर्ल एकेडमी के परिसर में किया जाएगा।
प्रतिभागियों को प्रदूषण, भ्रष्टाचार, संरक्षा एवं सुरक्षा, तनाव, खेल, स्थायित्व और फैशन जैसे क्षेत्रों में प्रौद्योगिकी की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में उनके विचार व्यक्त करने के लिए किया जाएगा। प्रतिभागी किसी भी एक क्षेत्र का चयन कर सकते हैं और फोटो कोलाज (ए2 साइज), पोस्टर (ए2 साइज), नैरेटिव (फोटो/इलस्ट्रेशन/निबंध), त्रिआयामी मॉडल/इंस्टॉलेशन (2 क्यूबिक फुट) या एक कारोबार प्रस्ताव जैसे माध्यमों का प्रयोग कर अपने विचार और समाधान पेश कर सकते हैं। छात्रवृत्ति-प्रवेश फॉर्म विभिन्न स्कूलों/कॉलेजों पर उपलब्ध है। छात्र ऑनलाइन वेबसाइट पर भी आवेदन कर सकते हैं।
पर्ल एकेडमी की सीईओ प्रोफेसर नंदिता अब्राहम के मुताबिक, “पिछले 25 वर्षो में पर्ल एकेडमी ने हमेशा से ही सर्वश्रेष्ठ शैक्षणिक अवसर और सुविधाएं मुहैया कराकर सीमाएं पार करने के लिए युवा मस्तिष्कों को प्रोत्साहित करने की कोशिश की है। हम देश के 525 सबसे रचनात्मक लोगों को ‘क्वार्टर सेंचुरी स्कॉलरशिप्स’ मुहैया कराकर अपनी प्रतिबद्धता दोहरा रहे हैं। दुनिया बदलने वाले युवा मस्तिष्कों की नई पीढ़ी का स्वागत करने का हमारा तरीका है।”
dharmpath.com dharmpath