कांग्रेस एक लॉफिंग क्लब : मोदी (लीड-1)

कांगड़ा, 2 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक चुनावी सभा में कांग्रेस पर निशाना साधते कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने खुद को ‘लाफिंग क्लब’ बना दिया है जोकि भ्रष्टाचार के आरोपों पर जमानत पर है।

मोदी ने कांगड़ा में अपनी पहली चुनाव रैली को संबोधित करते हुए कहा, “हम सभी को कांग्रेस पर नजर डालने की जरूरत है। हमें उनके साहस की सराहना करनी चाहिए। उन्होंने अपने घोषणापत्र में कहा कि अगर कांग्रेस दोबारा सत्ता में आती है तो भ्रष्टाचार के खिलाफ वह शून्य सहनशीलता की नीति अपनाएगी। उनके पास अभी भी भ्रष्टाचार के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति अपनाने का दावा करने का साहस है।”

कांग्रेस शासित हिमाचल में विधानसभा चुनाव नौ नवंबर को होंगे।

अज्ञात स्रोतों से आय से अधिक संपत्ति मामले में सीबीआई जांच में घिरे हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि ‘सिंह साहब’ भ्रष्टाचार के खिलाफ शून्य सहनशीलता की बात कर रहे हैं। क्या कोई उन पर भरोसा करेगा?

मोदी ने भीड़ से एक से अधिक बार इस सवाल को पूछा।

मोदी ने कहा, “कांग्रेस एक लाफिंग क्लब बनकर रह गई है। उनके मुख्यमंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला है। वह जमानत पर हैं। उनके पास खोने के लिए कुछ भी नहीं है और वे देश के हर हिस्से से अपनी पकड़ खोते जा रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि यह महात्मा गांधी या स्वतंत्रता सेनानियों की कांग्रेस नहीं बल्कि भ्रष्टाचार, वंशवाद की राजनीति और जातिवाद की पार्टी है।

मोदी ने कांग्रेस पर तीखे वार करते हुए कहा, “कांग्रेस सड़े हुए विचार का एक प्रतीक है। जब हम यह कहते हैं कि हम देश का कांग्रेस से छुटकारा चाहते हैं, तो हमारी इस बात का अर्थ इस सड़ी हुई सोच से देश को छुटकारा दिलाना है।”

मोदी ने कहा कि कांग्रेस को खुद समझना चाहिए कि ‘क्यों भारत जैसा क्षमाशील देश’ उसके नेताओं को दंडित करने के लिए एक के बाद एक उनसे दूर हो रहा है।

हिमाचल को शहीदों और सैनिकों की भूमि बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने देवभूमि में माफियाओं को संरक्षित कर रखा है।

उन्होंने कहा, “हिमाचल प्रदेश में पांच राक्षस हैं। यह पांच खनन माफिया, वन माफिया, ड्रग माफिया, निविदा माफिया और स्थानांतरण माफिया हैं। ये पांच राक्षस आपके संसाधनों को लूट रहे हैं। भ्रष्टाचार और परिवारवाद फैला रहे हैं और युवाओं के भविष्य को खराब कर रहे हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493