किसानों से झूठे वादे करना शिवराज की आदत : कांग्रेस (फोटो सहित)

मंदसौर, 2 नवंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मंदसौर के गरोठ में पहुंची कांग्रेस की ‘किसान स्वाभिमान यात्रा’ में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर जमकर हमला बोला गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि ‘झूठ बोलना मुख्यमंत्री की आदत हो गई है।’

राज्य के टीकमगढ़ जिले से शुरू हुई कांग्रेस की किसान स्वाभिमान यात्रा बुधवार की शाम मंदसौर के गरोठ पहुंची। इस मौके पर हुई जनसभा में पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन ने प्रदेश सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाया और कहा, “प्रदेश में जब किसान आंदोलन चल रहा था, तब शिवराज ने अनशन किया, वो भी महज एक ड्रामा था।”

पूर्व स्वास्थ मंत्री सुभाष कुमार सोजतिया ने किसानों से कहा, “भानपुरा में जिस नहर योजना का लोकार्पण मुख्यमंत्री चौहान ने बुधवार को किया, इस योजना को स्वीकृति तब मिल गई थी, जब केंद्र में मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार थी और मीनाक्षी नटराजन सांसद थीं। इस योजना का लोकार्पण करके शिवराज और भाजपा वाहवाही लूट रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि किसान हितैषी कांग्रेस ने हमेशा किसानों के लिए काम किया है।”

प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष कुणाल चौधरी ने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया, “घोषणावीर मामा झूठे वादे करके प्रदेश की जनता को बरगला रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत से पूरे प्रदेश की जनता भली भांति परिचित है।”

राजस्थान युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अशोक चांदना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर तंज कसते हुए कहा, “गुजरात के दो रंगा-बिल्लाओं ने देश में चारों ओर अराजकता, बेरोजगारी और भय का वातावरण बनाकर किसानों, व्यापारियों और आम जन को लूटा है। इन्होंने साढ़े तीन साल में जनता को दिया कुछ नहीं, सिर्फ लिया है। लोगों की जेब से कैसे पैसा खींचा जाए, इसी तिकड़म में ये लगे रहे हैं।”

इस सभा में सुवासरा के विधायक हरदीपसिंह डंग, जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रातड़िया, लोकसभा अध्यक्ष सोमिल नाहटा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493