नई दिल्ली, 3 नवंबर (आईएएनएस)। पीवीआर सिनेमाज ने शुक्रवार को मुंबई और बेंगलुरू में पीवीआर पी (एक्सएल) लांच किया, जो बड़ी मूवी स्क्रीन फॉर्मेट है। पीवीआर पी (एक्सएल) ऑडिटोरियम मुंबई के कुर्ला में और बेंगलुरू के ओरियन मॉल में खोला गया है। इसके साथ ही पीवीआर पी (एक्सएल) की संख्या तीन हो गई है। कोलकाता में कंपनी पहले ही इसे लांच कर चुकी है।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि पीवीआर पी (एक्सएल) के ऑडिटोरियम में एक्स्ट्रा-लार्ज वॉल-टू-वॉल स्क्रीन, अत्याधुनिक डॉल्बी एटमॉस मूविंग साउंड टेक्नॉलजी तथा 3डी ग्लास से कस्टमाइज्ड डुएल 4के प्रोजेक्शन सिस्टम लगा है, जिससे फिल्म की प्रत्येक बारीकी स्पष्ट और जीवंत हो उठती है। इन स्क्रीनों पर आरजीबी लेजर प्रोजेक्शन सिस्टम की अपग्रेड टेक्नोलॉजी है, जिसे देश में पहली बार पेश किया गया है। ये प्रोजेक्टर्स शानदार ब्राइटनेस स्तर के साथ उत्कृष्ट इमेज क्वालिटी, अधिक कॉनट्रास्ट अनुपात तथा उन्नत (3डी) मूवी अनुभव प्रदान करते हैं। पी (एक्सएल) थियेटर को प्रत्येक बारीकी के साथ इमर्सिव 3डी अनुभव, क्रिस्टल क्लियर साउंड और असाधारण ब्राइटनेस तथा पिक्च र क्वालिटी का प्रभाव देने के लिए डिजाइन किया गया है।
पीवीआर के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक अजय बिजली ने कहा, “हम इन शहरों में सिनेमाई अनुभव के लिए नवाचार तथा वैश्विक मानक पेश करने को लेकर प्रतिबद्ध हैं। दोनों शहरों में परिष्कृत फॉर्मेट में फिल्में देखने का एक अलग मजा है। लिहाजा पी (एक्सएल) स्क्रीन निश्चित तौर पर यहां दर्शकों के लिए फिल्में देखने का सर्वश्रेष्ठ अनुभव देगी।”
पीवीआर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौतम दत्ता ने कहा, “हम अपने ग्राहकों को हमेशा सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रयासरत रहते हैं और पी (एक्सएल) हमारे वर्षों के आरएंडडी तथा अलग-अलग लॉजिस्टिक्स की मैपिंग का परिणाम है। हम पूरी तरह आश्वस्त हैं कि हमारे दर्शक नए फॉर्मेट का आनंद लेंगे और हमारे प्रयासों की सराहना करेंगे।”
dharmpath.com dharmpath