प्रिंस चार्ल्स दो दिवसीय यात्रा पर भारत आएंगे

नई दिल्ली, 3 नवंबर (आईएएनएस)। वेल्स के राजकुमार प्रिंस चार्ल्स अपनी पत्नी डचेस ऑफ कॉर्नवाल, कैमिला पार्कर-बाउल्स के साथ चार देशों के अपने 10 दिवसीय दौर के पहले चरण में 8-9 नवंबर को भारत में रहेंगे। वह भारत के बाद सिंगापुर, मलेशिया और ब्रुनेई जाएंगे।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

कुमार ने कहा, “इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना है।”

प्रिंस चार्ल्स, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे और अप्रैल 2018 में ब्रिटेन में होने वाली कॉमनवेल्थ हेड्स आफ गवर्नमेंट मीटिंग (सीओओजीएम) सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

प्रवक्ता ने कहा, “जलवायु परिवर्तन, सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी), आर्थिक सहयोग और अन्य द्विपक्षीय मुद्दे भी चर्चा का विषय होंगे।”

यह प्रिंस चार्ल्स की भारत की 9वीं यात्रा होगी। उन्होंने इससे पहले 1975, 1980, 1991, 1992, 2002, 2006, 2010 और 2013 में भारत का दौरा किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493