कैटालोनिया के अपदस्थ राष्ट्रपति के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

मैड्रिड, 4 नवंबर (आईएएनएस)। स्पेन ने कैटालोनिया के अपदस्थ राष्ट्रपति कार्ल्स पुइगडेमोंट के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।

कैटालोनिया की आजादी की घोषणा को लेकर मैड्रिड में क्षेत्र की सरकार के आठ नेताओं की गिरफ्तारी के एक दिन बाद पुइगडेमोंट के खिलाफ वारंट जारी किया गया है।

सीएनएन के मुताबिक, स्पेन की राष्ट्रीय अदालत के न्यायाधीश कार्मेन लामेला ने शुक्रवार को बेल्जियम की अभियोजक अदालत से पुइगडेमोंट और चार अन्य मंत्रियों को गिरफ्तार करने को कहा।

पुइगडेमोंट और 13 पूर्व मंत्रियों को गुरुवार को स्पेन की उच्च अदालत के समक्ष पेश होने के आदेश दिए गए थे, जिनमें से नौ पूर्व अधिकारी ही अदालत के समक्ष पेश हुए। इनमें से आठ को हिरासत में ले लिया गया, जबकि एक को बांड पर रिहा कर दिया गया।

बीबीसी के मुताबिक, इन सभी पर कैटालोनिया की आजादी के लिए विद्रोह, देशद्रोह और सार्वजनिक संपत्ति के दुरुपयोग का मामला दर्ज है।

खुद को कैटालोनिया का नेता समझने वाले पुइगडेमोंट फिलहाल बेल्जियम में हैं।

इस गिरफ्तारी वारंट में कहा गया है कि पुइगडेमोंट को बेल्जियम से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए गवाही देने की मजूंरी नहीं दी जाएगी।

पिछले शुक्रवार पुइगडेमोंट ने बेल्जियम के सरकारी चैनल आरटीबीएफ को बताया था कि उनका बेल्जियम की अदालतों में पूरा विश्वास है।

उन्होंने कहा, “मैं न्याय से नहीं भागूंगा। मुझे न्याय चाहिए, वास्तविक न्याय। मैंने अपने वकीलों को बता दिया है कि वे बेल्जियम की न्याय प्रणाली को बता दें कि मैं सहयोग के लिए पूरी तरह उपलब्ध हूं।”

उन्होंने कहा, “यह साफ है कि इस मामले को राजनीतिक रंग दिया गया है। जमानतकर्ता निष्पक्ष एवं स्वतंत्र सुनवाई नहीं कर रहे हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493