नई दिल्ली, 4 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार राजीव पांडे ने शनिवार को राज्य में चुनाव लड़ रहे आप के उम्मीदवारों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस द्वारा ‘हिंसा का प्रयोग’ करने का आरोप लगाया और कहा कि उनपर ‘अज्ञात लोगों ने घातक शारीरिक हमला’ किया है।
पांडे ने इस सिलसिले में एक वीडियो रिकार्ड किया है जिसे पार्टी ने ट्वीट किया है। इसमें उन्होंने कहा है, “गुजरात के लोग (आने वाले विधानसभा चुनाव में) आप को तीसरे विकल्प के रूप में देख रहे हैं। विपक्षी पार्टियां, भाजपा और कांग्रेस उन्मादी हो गई हैं और हमें दबाने के लिए हिंसा का प्रयोग कर रही है।”
उन्होंने कहा ऐसी घटनाएं हमें प्रभावित नहीं करने वाली है। इससे उनकी कमजोरी और हमारी मजबूती साबित होती है।
पांडे ने कहा कि जब वह गुजरात में एक गांव मोराई से लौट रहे थे, तो उनपर हमला किया गया।
उन्होंने कहा, “10 बजे रात, मुझ पर चार लोगों ने हमला किया। वे लोग दो बाइक पर सवार थे। उनलोगों ने मुझे जान से मारने की धमकी दी और राजनीति से दूर रहने को कहा।”
पांडे वलसाड जिले के पारदी से चुनाव लड़ रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath