सतना, 6 नवंबर (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी यूं तो पूरे प्रदेश के विकास की रहती है, लेकिन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को सतना जिले के चित्रकूट के विकास की जिम्मेदारी ली, क्योंकि इसी क्षेत्र में 9 नवंबर को मतदान होना है।
विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार में पहुंचे 14 साल से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार को आप जिताएं और आपको दिखेगा विकास क्या होता है, विकास की जिम्मेदारी मेरी होगी।”
उन्होंने किटहा गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “यह व्यवस्थित गांव है। इसे हम आदर्श गांव बनाएंगे। यह कार्य मेरे अकेले से नहीं होगा, इसमें मेरा सहयोग आपको करना पड़ेगा।”
शिवराज ने कहा, “बालिकाओं को अब पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। चित्रकूट का उपचुनाव एक विकास पर्व है। पार्टी प्रत्याशी जीतने पर हम आपको बताएंगे कि विकास कैसे होता है। भाजपा प्रत्याशी शंकरदयाल त्रिपाठी को भारी मतों से विजयी बनाइए और विकास की जिम्मेदारी शिवराज पर छोड़ दीजिए।”
उन्होंने कहा कि चित्रकूट क्षेत्र में डकैतों का आतंक था, दशकों से चली आ रही दस्यु समस्या का प्रदेश सरकार ने अंत किया है। इसके अलावा विकास भी जारी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र में आठ लाख एवं शहरी क्षेत्र मे चार लाख मकान बनाए गए हैं और 35 लाख गरीब ऐसे हैं, जिनके पास छत नहीं है। तीन साल में हर गरीब के पास मकान हो, इसका पूरा प्रयास किया जाएगा।
इसी तरह भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने कई स्थानों पर सभाओं को संबोधित कर लोगों को भरोसा दिलाया कि उपकी पार्टी के उम्मीदवार की जीत पर क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी जनसभाओं को संबोधित कर मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट मांगा।
dharmpath.com dharmpath