मप्र : राज्य निर्वाचन आयुक्तों का राष्ट्रीय सम्मेलन हनुवंतिया में बुधवार से

भोपाल, 7 नवंबर (आईएएनएस)। देश के राज्य निर्वाचन आयुक्तों का 26वां राष्ट्रीय सम्मेलन खंडवा जिले में स्थित पर्यटन स्थल हनुवंतिया में होगा। यह सम्मेलन 8 से 10 नवंबर तक चलेगा। इस आयोजन में देश के 19 राज्यों के राज्य निर्वाचन आयुक्तों के हिस्सा लेने की संभावना है।

मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयुक्त कार्यालय से मंगलवार को आधिकारिक तौर पर मिली जानकारी के अनुसार, इस सम्मेलन में विशेष रूप से नई तकनीक, वीवीपैट के उपयोग एवं सर्वोच्च तथा उच्च न्यायालयों द्वारा निर्वाचन संबंधी आदेशों पर भी विचार होगा। मध्यप्रदेश शासन द्वारा सभी राज्य निर्वाचन आयुक्तों को राज्य अतिथि घोषित किया है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त आऱ परशुराम ने बताया कि प्रति वर्ष आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में राज्यों के राज्य निर्वाचन आयुक्त अपनी संस्थाओं तथा उनके द्वारा नियोजित निर्वाचनों के निष्पादन में आई चुनौतियों तथा संभावनाओं पर चर्चा करते हैं। उनके द्वारा किए गए नवाचारों और सुधारों से भी एक-दूसरे को अवगत कराते हैं। इस आपसी संवाद से निर्वाचन प्रक्रिया में राष्ट्रीय स्तर पर सुधार की संभावनाएं बनती हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्षो में छत्तीसगढ़, तेलंगाना एवं गुजरात राज्यों में वहां के राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा सम्मेलन का आयोजन किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493