दिल्ली पुलिस के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर

नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिसकर्मियों को स्वस्थ और फिट बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को लाइफलाइन लेबोरेटरी द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस मुहिम की शुरुआत बुधवार को हौजखास पुलिस स्टेशन से की गई।

इसके अंतर्गत बुधवार को थाने में लगभग 200 पुलिसकर्मियों का फुल बॉडी चेक-अप (पूर्ण स्वास्थ्य की जांच) किया गया और उनके सामान्य और आधुनिक टेस्ट किए गए, जिसमें हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर फास्टिंग, यूरिया, ब्लड प्रेशर और ईसीजी जैसे परीक्षण शामिल थे।

हौजखास पुलिस स्टेशन के एसएचओ सतीश शर्मा ने बताया, “इस तरह की पहल के लिए हम इनका आभार व्यक्त करते हैं, यह बेहद सराहनीय पहल है। हम सभी दिन रात ड्यूटी करते हैं, समय का पता ही नहीं चलता और इस व्यस्तता के कारण हमको कभी-कभी कुछ परेशानियां भी होती है। अगर हम इसी तरह से अपने स्वास्थ की नियमित जांच कराते रहे तो भविष्य में आने वाली बड़ी परेशानियों से बचा जा सकता है।”

लाइफलाइन लेबोरेटरी की सह संस्थापक डॉक्टर आशा भटनागर ने कहा, ‘समाज के नागरिक और संस्था होने के नाते हमारी यह जिम्मेदारी बनती है की पुलिस हमारी रक्षा करती है तो हम उसके स्वास्थ की सुरक्षा करें। इसी पहल के तहत हमने आज (बुधवार) यहां पर फ्री हेल्थ चेक-अप कैंप का आयोजन किया है और आगे भी हम पूरी दिल्ली के हर एक पुलिस स्टेशन में इस तरह के और भी कैंप आयोजित करेंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493