हिमाचल में पहले 2 घंटे में 10 फीसदी से अधिक मतदान (लीड-1)

शिमला, 9 नवंबर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश की 68 सदस्यीय विधानसभा सीटों पर गुरुवार को शुरू हुए मतदान के शुरुआती दो घंटों में 10 फीसदी से अधिक मतदान हुआ।

राज्य के 50 लाख से अधिक मतदाता एकल चरण में हो रहे चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान की प्रक्रिया सुबह आठ बजे शुरू हुई और यह शाम पांच बजे तक जारी रहेगी।

निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “ठंड और कुछ स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में हल्की गड़बड़ियों के बावजूद चुनाव प्रक्रिया शुरू होने में किसी तरह की देरी की खबर नहीं है।”

इस बार चुनाव मैदान में 19 महिलाओं सहित 337 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनावी दौड़ में 112 निर्दलीय उम्मीदवार भी हैं।

मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच है।

कांग्रेस ने निवर्तमान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को मुख्यमंत्री के उम्मीदवार के तौर पर खड़ा किया है जबकि भाजपा की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल मैदान में हैं।

वीरभद्र सिंह और धूमल दोनों ने ही अपने गृहनगरों रामपुर और समीरपुर में परिवार के सदस्यों के साथ वोट डाले।

राज्य में 19 लाख महिलाओं और 14 ट्रांसजेंडर मतदाताओं सहित कुल 50.25 लाख मतदाता उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

लाहौल-स्पीति जिले का हिक्किम मतदान केंद्र देश में सर्वाधिक ऊंचाई पर स्थित मतदान केंद्र है। यह 14,567 फीट की ऊंचाई पर है और यहां 194 मतदाता हैं। वहीं, किन्नौर में का गांव में सबसे कम छह मतदाता हैं।

राज्य में मतदान प्रक्रिया की शुरुआत धीमी रही। शुरुआती घंटे में पांच फीसदी से भी कम मतदान हुआ। सुबह 10 बजे तक 13 फीसदी मतदान हुआ।

ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं बड़ी संख्या में मतदान करने घर से निकल रही हैं।

कांग्रेस और भाजपा ने सभी 68 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं जबकि बहुजन समाज पार्टी ने 42 सीटों और मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पाटी (माकपा) ने 14 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं।

मतगणना 18 दिसंबर को गुजरात चुनाव की मतगणना के साथ ही होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493