अगरतला, 12 नवंबर (आईएएनएस)। आउटलॉड ऑल त्रिपुरा टाइगर फोर्स के पूर्व प्रमुख रंजीत देबबर्मा को देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे बांग्लादेशी सुरक्षा बलों ने चार साल पहले जबरन भारत भेजा था।
पश्चिमी त्रिपुरा जिला पुलिस प्रमुख अभिजीत सप्तर्षि ने रविवार को आईएएनएस को बताया, “देबबर्मा को पश्चिम त्रिपुरा में सिधाई स्थित उसके घर से शनिवार देर रात देशद्रोह और खोवाई जिले के तेलीयामुरा पुलिस थाने में लंबित मामलों के संबंध में गिरफ्तार किया।”
खोवाई के पुलिस अक्षीक्षक कृष्णनेंदु चक्रबर्ती ने कहा कि पूर्व आतंकवादी सरगना को जल्द ही स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।
चक्रबर्ती ने खोवाई से फोन पर आईएएनएस को बताया, “देबबर्मा ने पुलिस अधिकारियों की अनुमति के बिना पिछले हफ्ते तेलियामुरा में एक सार्वजनिक बैठक की और भारत के साथ त्रिपुरा के विलय को चुनौती दी। बैठक के दौरान उसने राष्ट्र विरोधी विचार भी व्यक्त किए।”
इंटरपोल की तरफ से रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद बांग्लादेशी पुलिस ने कई नरसंहार और अन्य अपराधों को अंजाम देने के आरोप में 2012 में उसे गिरफ्तार किया था।
साल 2015 में त्रिपुरा की एक अदालत ने उसे जमानत दे दी थी।
dharmpath.com dharmpath