मप्र : कांग्रेस चित्रकूट उपचुनाव 14 हजार मतों से जीती (लीड-2)

सतना/भोपाल, 12 नवंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के सतना जिले की चित्रकूट विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी नीलांशु चतुर्वेदी ने जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के शंकर दयाल त्रिपाठी को 14,133 मतों से पराजित किया।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव के लिए रविवार को मतों की गिनती के बाद आए नतीजे में कांग्रेस प्रत्याशी नीलांशु चतुर्वेदी को कुल 66,810 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी शंकर दयाल त्रिपाठी को कुल 52,677 मत प्राप्त हुए। यहां कांग्रेस विधायक प्रेम सिंह के निधन के बाद उपचुनाव कराया गया है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई और 19 चक्र में पूरी हुई। पांच चरणों की मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी नीलांशु चतुर्वेदी ने भाजपा प्रत्याशी शंकर दयाल त्रिपाठी पर 10,057 मतों की बढ़त बना ली थी। 10वां चक्र पूरा होने तक यह बढ़त 17,959 हो गई। बाद में भाजपा उम्मीदवार त्रिपाठी की बढ़त बढ़ी और गिनती का अंत आते तक यह अंतर 14,133 रह गया। यहां कुल 1,26,903 वोट वैध पाए गए।

मतगणना के दौर को देखा जाए, तो कई चक्र में कांग्रेस उम्मीदवार की बढ़त लगभग दो हजार बढ़ते रहे। 19 चक्रों में से सात चक्र में भाजपा के उम्मीदवार ने बढ़त बनाई, तो शेष 12 चक्रों में कांग्रेस उम्मीदवार आगे रहा।

सतना स्थित शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-एक में वोटों की गिनती अलग-अलग 14 टेबलों पर हुई। यह मतगणना 19 चरण में पूरी हुई। इस उपचुनाव में नौ निर्दलियों सहित 12 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे थे।

मतगणना के लिए 70 कर्मचारी तैनात किए गए। इनमें एक-एक काउंटिंग सुपरवाइजर, काउंटिंग सहायक और माइक्रो ऑब्जर्वर तथा दो अन्य कर्मचारी शामिल रहे। मतगणना स्थल पर तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बिना प्राधिकार-पत्र के किसी को प्रवेश नहीं दिया गया। सुरक्षा के लिए सीएपीएफ की एक कंपनी के अलावा स्थानीय पुलिस बल को तैनात किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493