संसद मार्ग पर किसान रैली 20 नवंबर को

नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। स्वराज इंडिया के अध्यक्ष योगेंद्र यादव के साथ यहां नजफगढ़ के जाफरपुर गांव में किसानों ने महापंचायत का आयोजन किया। दिल्ली देहात के किसानों ने यादव को 20 नवम्बर को संसद मार्ग पर होने वाली किसान रैली के लिए अपना पूर्ण समर्थन दिया। दिल्ली देहात के किसानों ने इस रैली की मेजबानी अपने हाथों में ली है।

सभा में में लैंड-पूलिंग के मुद्दे पर चर्चा हुई और महापंचायत ने किसान-विरोधी लैंडपूलिंग स्कीम को बदलने की मांग की। दिल्ली देहात के किसानों ने योगेंद्र यादव से किसानों के मुद्दों पर जमकर संघर्ष करने की अपील की।

इस मौके पर योगेंद्र ने कहा, “स्वराज इंडिया लगातार किसानों को न्याय दिलाने के लिए संघर्षरत है और वर्तमान सरकारों के झूठे आश्वासन से मुक्ति पाने के लिए किसानों को अपनी सरकार बनानी होगी।” देशभर में किसान यात्रा कर चुके योगेंद्र ने कहा कि भूमि अधिग्रहण कानून से लेकर सूखे तक कि समस्याओं पर हम लड़े हैं और लड़ते रहेंगे। उन्होंने किसान नेताओं से आगामी 20 नवम्बर को भारी संख्या में संसद मार्ग पर होने वाली किसान रैली में पहुंचने की अपील की।

किसान महापंचायत में स्वराज इंडिया दिल्ली देहात मोर्चा के अध्यक्ष राजीव यादव ने बताया कि लैंडपूलिंग की वजह से यहां के किसानों का जीना हराम हो गया है। देश की राजधानी दिल्ली का हिस्सा होने के बावजूद दिल्ली देहात बदहाली, अभाव और अन्याय का शिकार है।

पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अनुपम ने किसान के मुद्दे को सिर्फ किसान ही नहीं, बल्कि देश का मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि “दु:खद है कि आज देश मे ऐसी कोई पार्टी नहीं है, जो किसान के लिए काम कर रही हो। मुझे खुशी है कि स्वराज इंडिया ने किसानों के मुद्दों पर संघर्ष करने का बीड़ा उठाया है।” उन्होंने जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर उठकर किसानों को एकजुट होने का आह्वान किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493