नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। देश की राजधानी में अधिक वायु प्रदूषण के मद्देनजर इंडिया गेट पर विश्व मधुमेह दिवस (14 नवंबर) की पूर्व संध्या पर लायंस क्लब इंटरनेशनल (एलसीआई) की ओर से आयोजित होने वाले वॉकथॉन को स्थगित कर दिया गया है। संशोधित तिथि की घोषणा जल्द ही होगी।
लायंस क्लब इंटरनेशनल के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. नरेश अग्रवाल ने रविवार शाम प्रेस रिलीज जारी कर इस वॉकथन के स्थगन की घोषणा करते हुए कहा कि दिल्ली में मौजूदा वायु प्रदूशण के स्तर पर गंभीरता के साथ विचार करने के बाद एलसीआई ने राष्ट्रीय राजधानी में सामान्य स्थिति बहाल होने तक वॉकथन को स्थगित करने का फैसला किया है।
एलसीआई ने विजय चौक से इंडिया गेट तक 2 किलोमीटर के वॉकथन की योजना बनाई थी। इसमें 5,000 से अधिक प्रतिभागी भाग लेने वाले थे।
उन्होंने बताया कि हालांकि 14 नवम्बर को विज्ञान भवन में मधुमेह पर सेमिनार का आयोजन पूर्व कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। इस सेमिनार का उद्घाटन भारत सरकार के केन्द्रीय समाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री टी.एस. गहलोत करेंगे। इस सेमिनार में अपोलो हास्पीट्ल्स समूह के अध्यक्ष पदम विभूषण डा. प्रताप सी रेड्डी, विश्व मधुमेह फाउंडेशन के लेइफ फेंगर और लायंस क्लब इंटरनेशनल के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. नरेश अग्रवाल भी हिस्सा लेंगे।
विश्व मधुमेह दिवस की पूर्व संध्या पर एलसीआई ने दिल्ली में मधुमेह जांच कैम्पों की व्यापक व्यवस्था की है। इस मौके पर ओपन जिमानाजियम के साथ दो हेल्थ पार्को तथा डायबेटिक क्लिनिकों का भी उद्घाटन होगा।
dharmpath.com dharmpath