विजयवाड़ा, 13 नवंबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश में कृष्णा नदी में रविवार को नौका दुर्घटना में शिकार हुई बेटी के शव को देख सदमे में आई मां की मौत हो गई।
डी. लीलावती (50) के शव के प्रकासम जिले के अंगोले कस्बे में स्थित घर पहुंचते ही मृतका की मां लक्ष्मी कंथाम को सदमा लगा और वह गिर पड़ीं। 72 साल की लक्ष्मी की हृदय गति रुक जाने से मौत हो गई।
लीलावती की रविवार शाम कृष्णा जिले के इब्राहिमपट्टनम फेरी घाट के पास कृष्णा नदी में नौका पलटने से मौत हो गई थी। इस हादसे में अब तक कुल 20 लोगों के मरने की खबर है।
लीलावती 15 साल पहले पति की मौत के बाद अपनी मां के साथ रह रही थीं। हादसे के दौरान वह अंगोले वॉकर्स क्लब के सदस्यों के साथ एक नौका पर सवार होकर भवानी द्वीप से पवित्र संगमम (कृष्णा व गोदावरी नदियों का संगम) की यात्रा कर रही थीं। निजी नौका पर 40 लोग सवार थे।
विजयवाड़ा में पढ़ाई कर रही लीलावती की बेटी ने इस त्रासदी में मां और नानी को खो दिया।
dharmpath.com dharmpath