गुना, 13 नवंबर (आईएएनएस)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और गुना के सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर-भोपाल की ट्रेन का मार्ग बदलने की चर्चाओं के बीच रेल मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर कहा है कि अगर ऐसा हुआ, तो हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
सिंधिया के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. केशव पांडे ने सोमवार को बताया कि यह इंटरसिटी ट्रेन गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, मुंगावली, कोलारस को राजधानी भोपाल से जोड़ने वाली एक मात्र गाड़ी है। इस ट्रेन से हजारों लोग प्रतिदिन यात्रा करते हैं। यदि इस ट्रेन के मार्ग में परिवर्तन किया जाता है तो हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
सिंधिया ने आगे लिखा है, “ग्वालियर से इंदौर के लिए पूर्व से ही कई ट्रेन संचालित है, रेल विभाग चाहे तो अन्य ट्रेन का संचालन इंदौर के लिए किया जा सकता है, लेकिन ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी ट्रेन का संचालन यथावत रखा जाए, ताकि गुना संसदीय क्षेत्र के साथ ही बीना विदिशा आदि जगहों के यात्रियों को भी उक्त ट्रेन का लाभ मिलता रहे।”
सिंधिया ने अपने पत्र में बताया है कि उन्हें भोपाल रेल मंडल की रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य अनुराग शर्मा के जरिए पता चला कि गाड़ी संख्या 12198-97 का रूट बदलकर उसे ग्वालियर से इंदौर चलाया जाने वाला है। उन्होंने कहा कि आय के हिसाब से भी यह गाड़ी ठीक है। लिहाजा, मार्ग बदला तो यहां के हजारों लोग परेशानी में पड़ जाएंगे।
dharmpath.com dharmpath