पर्यावरण व जल संरक्षण में हिस्सेदारी निभाएं युवा : शिवराज

इंदौर, 24 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने युवाओं से वन एवं वन्य जीवों की रक्षा तथा पर्यावरण, नदी और जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्यो में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया है।

नेहरू स्टेडियम में शुक्रवार को यहां आयोजित राष्ट्रगीत वंदे-मातरम् के सामूहिक गायन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चौहान ने कहा कि त्याग, तपस्या, संघर्ष एवं बलिदान से देश को मिली आजादी को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए युवा आगे आएं।

चौहान ने आगे कहा, “अनेकता में एकता हमारे देश की पहचान है। इस पहचान को हमें बनाए रखना होगा। आजादी के संघर्ष का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि क्रांतिकारियों की तपस्या और बलिदान के फलस्वरूप हमें यह आजादी मिली है। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् से क्रांतिकारियों को बल मिलता था। हर नागरिक को देश की एकता और अखंडता का महत्व समझना होगा और इसकी रक्षा करनी होगी।

आचार्य ऋषभचंद सुरीश्वर महाराज ने कहा कि भारत संस्कारों की भूमि है। यहां विभिन्न धर्मो के मनीषियों ने जन्म लिया है। कार्यक्रम में विधायक कैलाश विजयवर्गीय, महापौर मालिनी गौड़, हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा फाउंडेशन के केंद्रीय समन्वयक गुणवंत सिंह कोठारी तथा विनोद अग्रवाल भी उपस्थित थे।

सांस्कृतिक एवं नैतिक प्रशिक्षण संस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 51 हजार विद्यार्थियों ने एक साथ राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का गायन किया। इस अवसर पर देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493