निकाय चुनाव बाद भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान : योगी

लखनऊ /बाराबंकी, 25 नवम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि निकाय चुनाव बाद सरकार भूमाफियाओं के खिलाफ अभियान चलाने जा रही है। उन्होंने कहा कि एक लाख 53 हजार मामले चिह्न्ति कर लिए गए हैं।

मुख्यमंत्री शनिवार को शहर के राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में निकाय चुनाव को लेकर आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने अपराधियों के खिलाफ कड़ा तेवर दिखाते हुए कहा, “आज कोई व्यापारी को धमकी देने का दुस्साहस नहीं कर पा रहा है, क्योंकि प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।”

योगी ने कहा, “पहले आपको याद होगा कि पिछली सरकार में बिजली देने में भी भेदभाव होता था। बाराबंकी इस मामले में काफी बदनाम था, मगर जब से भाजपा सरकार प्रदेश में आई तब से कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है। गांवों को 18 घंटे व शहरों को 24 घंटे तक बिजली मिल रही है।”

उन्होंने कहा, “हम नगर निकायों की जिम्मेदारी तय कराना चाहते हैं। ऐसी नगर पंचायतें जो जनता के प्रति जबाबदेह बनें। भाजपा इसलिए निकाय चुनावों को गंभीरता से ले रही है।”

योगी ने कहा, “नगरों को रौशन करने के लिए भारत सरकार के उपक्रम ईएसएल के साथ प्रदेश सरकार काम करने जा रही है। हम नगरों में एलईडी लगाएंगे, जिससे बिजली की बचत होगी।”

जनसभा को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय और सांसद प्रियंका सिंह रावत ने भी संबोधित किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493