गन्ना संस्थान में चल रही वोटिंग के दौरान कांग्रेस और सपा के नेताओं ने एक-दूसरे पर फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया। पुलिस ने समझाकर सभी को बूथ से बाहर निकाला। बाहर निकलते ही दोनों दलों के नेताओं में धक्का मुक्की शुरू हो गई। माहौल खराब होते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर सभी को वहां से खदेड़ दिया।
वहीं, कालीचरण इंटर कॉलेज में मतदान के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमा अवस्थी और भाजपा सभासद प्रत्याशी के बीच नोक-झोंक हो गई। सूत्रों के मुताबिक एक बुजुर्ग मतदाता को एक भाजपा कार्यकर्ता वोट डलवाने के लिए पकड़ कर वोटिंग बूथ के अंदर ले जा रहा था। इस पर प्रेमा अवस्थी ने ऐतराज किया तो भाजपा की तरफ से सभासद के प्रत्याशी उनसे भिड़ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया।
सरोजनी नगर वार्ड नंबर 14 की बूथ संख्या 254 और 255 पर ईवीएम मशीन खराब होने से मतदाताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसी प्रकार से बरौली, खलीलाबाद, राजा का बाजार, बीबी का हाता के बूथों पर भी मतदाताओं को ईवीएम मशीन की खराबी के कारण कुछ देर खड़ा रहना पड़ा। विद्युत व्यवस्था के कमजोर होने के कारण सुबह के समय ईवीएम मशीनें कुछ देर तक काम नहीं कर सकीं। ईवीएम की मशीनों में खराबी आने से मतदाताओं ने नाराजगी जाहिर की।
dharmpath.com dharmpath