तिरुवनंतपुरम, 28 नवंबर (आईएएनएस)। केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने मंगलवार को प्रदेश के पुलिस प्रमुख को राज्य के शीर्ष पुलिस अधिकारी जैकब थॉमस के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने का निर्देश दिया। जैकब इस समय तिरुवनंतपुरम स्थित सरकारी प्रबंधन संस्थान के निदेशक हैं।
थॉमस के खिलाफ यह कार्रवाई सेवा नियमों का उल्लंघन करने को लेकर की जा रही है, क्योंकि उन्होंने हाल ही में दो किताबें रिलीज करते समय मूल प्रक्रिया का अनुपालन नहीं किया था।
उनकी पहली किताब रिलीज होने के बाद कथित तौर पर निमयों के उल्लंघन को लेकर राज्य सरकार ने तत्कालीन गृह सचिव नलिनी नेट्टो को मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी थी।
उनकी ओर से प्रतिकूल रिपोर्ट मिलने पर मामले की जांज के लिए विधि सचिव की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया और इस समिति ने भी चूक की पुष्टि की।
इसके बाद विजयन ने थॉमस के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने के साथ-साथ विभागीय कार्रवाई करने के भी आदेश जारी किए हैं।
उधर, थॉमस ने मीडिया को बताया कि उनको किसी भी प्रकार की कार्रवाई की जानकारी नहीं है।
पिछले साल विजयन ने जिस दिन सत्ता संभाली थी, उसी दिन थॉमस को सर्तकता प्रमुख बनाया गया था, लेकिन कुछ महीनों बाद उनको वहां से हटाकर आईएमजी का निदेशक बना दिया गया।
dharmpath.com dharmpath