कोच्चि, 28 नवंबर (आईएएनएस)। केरल उच्च न्यायालय ने मंगलवार को राकांपा के पूर्व राज्य मंत्री ए.के. शशींद्रन के फोन पर फूहड़ बातचीत के मामले में विस्तृत सुनवाई करने का फैसला किया। इससे केरल कैबिनेट में पार्टी द्वारा उनको फिर से लिए जाने के प्रयास को धक्का लगा है।
शशींद्रन ने इस साल मार्च में एक ऑडियो क्लिप को लेकर परिवहन मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। ऑडियो क्लिप में शशींद्रन मंगलम टीवी चैनल की एक महिला पत्रकार के साथ फोन पर अशिष्ट बात करते हुए सुने जा रहे हैं।
इसे बाद में ‘हनी ट्रैप’ बताया गया।
हालांकि, इस महीने की शुरुआत में महिला ने उच्च न्यायालय से संपर्क कर मामले को वापस लेने की इजाजत मांगी थी।
उच्च न्यायालय ने मंगलवार को महिला की याचिका पर सुनवाई की, जिसमें महिला ने अपने मामले को वापस लेने की अनुमति मांगी थी। उसने इस मामले को राज्य की राजधानी की निचली अदालत में दायर किया था।
महिला ने उच्च न्यायालय को सूचित किया कि मामले को अदालत के बाहर निपटा लिया गया है और यह गलतफहमी के कारण पैदा हुआ था।
हालांकि, उच्च न्यायाल ने इस पर अलग दृष्टिकोण अपना लिया। अदालत ने राज्य सरकार से न्यायिक जांच का संदर्भ देने को कहा, जिसका इस मामले में आदेश दिया गया था। उच्च न्यायालय ने मामले की सुनवाई की अगली तारीख 12 दिसंबर तय कर दी।
बीते सप्ताह राज्य सरकार ने न्यायिक आयोग की जांच रपट स्वीकार की थी, जिसमें शशींद्रन को दोषमुक्त कर दिया गया था और अशिष्टि ऑडियो को प्रसारित करने पर मंगलम टीवी चैनल की खिंचाई की गई थी।
dharmpath.com dharmpath