‘सेंटीमेंट’ की राजनीति कर रहे लालू, नीतीश : पप्पू यादव

पटना, 1 दिसंबर (आईएएनएस)। जन अधिकार पार्टी के संरक्षक और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने यहां शुक्रवार को कहा है कि राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ‘सेंटीमेंट’ की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने इन दोनों नेताओं पर जनता को मुद्दों से भटकाने का आरोप लगाया।

पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी कुर्सी बचाने की राजनीति कर रहे हैं और लालू प्रसाद अपने परिवार को राजनीति में बचाने की कोशिश कर रहे हैं। दोंनों को जनता के मुद्दों से कोई सरोकार नहीं है।”

यादव ने वर्ष 2005 से वर्ष 2016 के बीच विकास से जुड़ी एक रिपोर्ट जारी करते हुए बताया कि नीतीश कुमार विकास का दावा करते हैं, लेकिन उनकी सरकार हर मोर्चे पर विफल है। रिपोर्ट में कहा गया है कि लोगों को मूलभूत जरूरतें पूरा करने में बिहार अंतिम तीन राज्यों में शामिल है। इसी तरह एक बेहतर जीवन के लिए आधारभूत शर्तों के पैमाने पर भी बिहार अंतिम तीन राज्यों में शामिल है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी माना है कि अपराध के मामले में बिहार, उत्तर प्रदेश के बाद दूसरे स्थान पर है, जबकि नीतीश कुमार दावा करते हैं कि अपराध की घटनाओं में कमी आई है।

उन्होंने पार्टी के कार्यक्रमों की घोषणा करते हुए कहा कि पार्टी राज्य में दलितों के खिलाफ बढ़ते उत्पीड़न, बदहाल शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था के विरोध में आगामी 10 दिसंबर को रेल चक्का और राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम करेगी।

उन्होंने कहा कि इसके बाद पार्टी 16 दिसंबर को बिहार बंद करेगी। इससे भी हालात नहीं सुधरेंगे तो 28 फरवरी को आर्थिक नाकेबंदी की जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493