दासमुंशी को शोक सभा में सभी दलों के नेताओं ने श्रद्धांजलि दी

कोलकाता, 3 दिसम्बर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में राजनीतिक सीमाओं को दरकिनार कर राज्य के सभी प्रमुख दल के नेताओं ने रविवार को यहां पूर्व केंद्रीय मंत्री और दिग्गज कांग्रेसी नेता प्रियारंजन दासमुंशी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस समिति (डब्ल्यूबीपीसीसी) ने कोलकाता के महाजति सदन में अपने पूर्व प्रदेशाध्यक्ष के सम्मान में शोक सभा का आयोजन किया था, जिसमें राज्य की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के साथ साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और वाम दल के दिग्गज उपस्थित हुए।

वाम मोर्चा के अध्यक्ष बिमान बोस ने दासमुंशी द्वारा अपने काम के साथ-साथ विपक्षी नेताओं के साथ भी अच्छे संबंध बनाए रखने की राजनीतिक नैतिकता की सराहना की।

राज्य के ऊर्जा मंत्री सोवन देव चटर्जी और लोकसभा सदस्य सौगत रॉय ने अपने शुरुआती राजनीतिक जीवन में दासमुंशी के योगदान को याद किया। तब यह दोनों नेता कांग्रेस में छात्र राजनीति का हिस्सा थे। आज यह दोनों नेता तृणमूल कांग्रेस से संबंध रखते हैं।

चटर्जी ने कहा, “उनका ना होना बंगाल के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति के लिए एक बड़ी हानि है।”

भाजपा नेता शामिक भट्टाचार्य भी शोक सभा में उपस्थित थे।

सभा में सभी दलों के नेताओं की मौजूदगी पर संतोष व्यक्त करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अधीर चौधरी ने कहा, “यह बंगाल की राजनीति के लिए एक अच्छा संकेत है।”

उन्होंने कहा, “प्रिया दा की शोक सभा में सभी पार्टियों के नेताओं को देखना एक सुखद अहसास है। बंगाल की राजनीति में उनका प्रभाव बहुत बड़ा था और यही सबको एक साथ लाया है। मुझे उम्मीद है कि भविष्य में बंगाल में यह प्रवृत्ति जारी रहेगी।”

दासमुंशी 2008 से कोमा में थे। उनका निधन 72 वर्ष की आयु में में 20 नवंबर को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में हुआ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493