ओखी से मुंबई, महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों में बारिश

मुंबई, 5 दिसम्बर (आईएएनएस)। चक्रवाती तूफान ओखी के चलते मुंबई सहित महाराष्ट्र के तटीय कोंकण के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को भारी बारिश हुई। तूफानी मौसम के मद्देनजर राज्य प्रशासन पहले से ही सतर्क था।

एहतियाती कदम के तौर पर राज्य सरकार ने यहां और तटीय जिलों पालघर, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी थी।

अंधेरा और बादल छाए रहने के बाद मुंबई और उसके आसपास के जिलों में सोमवार शाम से भारी बारिश हो रही है।

हालांकि, मुंबई हवाईअड्डे पर सभी उड़ानें समय से संचालित हो रही हैं और उपनगरीय ट्रेनों का संचालन भी निर्बाध जारी है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान मुंबई और आसपास के इलाकों में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से और तटीय इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और साथ में बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। यहां तक कि मुंबई में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

मुंबई के उपनगरीय इलाकों में सोमवार शाम से शुरू हुई बारिश 1.3 सेंटीमीटर दर्ज हुई, जबकि दक्षिण मुंबई में 3.29 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई। कुछ निचले इलाकों और अन्य स्थानों पर पानी जमा हो गया है।

बृहन्मुंबई नगर निगम, राज्य आपदा प्रबंधन इकाई और रेलवे ने कहा है कि चक्रवाती तूफान से निपटने के लिए उन्होंने पूरी तैयारी कर रखी है।

बृहन्मुंबई नगर निगम कार्यालय ने बताया कि अरब सागर में मंगलवार को 5.04 मीटर का ज्वार-भाटा आया और बुधवार को 5.05 मीटर व गुरुवार को पहले के मुकाबले कम 4.17 मीटर का ज्वार-भाटा आया।

ओखी के गुजरात के सूरत में मंगलवार देर शाम तक दस्तक देने की संभावना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493