विजयवाड़ा, 6 दिसम्बर, (आईएएनएस)। इलेवन स्पोर्ट्स इंटर स्कूल टेबल टेनिस राष्ट्रीय चैम्पियनशिप का तीसरा संस्करण यहां गुरुवार से शुरू होगा। इस प्रतियोगिता में 22 राज्यों के 320 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
चैम्पियनशिप का पहला चरण अगस्त में खेला गया जिसमें कुल 25 राज्यों के 940 स्कूल के 3000 हजार बच्चों ने हिस्सा लिया था।
इस चैम्पियनशिप के बालिका वर्ग में सुहाना सैनी (हरियाणा), वर्तिका भारत (उत्तर प्रदेश) जैसी खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं। वहीं बालक वर्ग में दिल्ली के तेजस नारंग, तमिलनाडु के बालामुरुगान हिस्सा ले रहे हैं।
यह चैम्पियनशिप चार श्रेणी सीनियर ब्वॉयज, सीनियर गर्ल्स, जूनियर ब्वॉयज और जूनियर गर्ल्स में खेली जाएगी। यह स्पर्धा टीम और एकल वर्ग में खेली जाएगी। हर श्रेणी में टीम विजेता को 25,000 रुपये की इनामी राशि और एकल वर्ग के विजेता को 10,000 रुपये इनामी राशि दी जाएगी।
इलेवन स्पोर्ट्स के निदेशक और अर्जुन अवार्ड विजेता कोमल मेहता ने इस पर कहा, “हमारा मकसद खेल को जमीनी स्तर से ऊपर ले जाना है। हमें उम्मीद है कि हम जल्द ही पांच हजार स्कूलों का आंकड़ा छू लेंगे।”
dharmpath.com dharmpath