भोपाल, 8 दिसंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी में 14 साल की एक दलित किशोरी को एक युवक ने अपनी हवस का शिकार बना डाला। इसमें एक महिला और अन्य ने सहयोग किया। आदिम जाति कल्याण (आजाक) थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
आजाक के पुलिस उपाधीक्षक दिनेश जोशी ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि गांधी नगर में रहने वाली सातवीं की छात्रा (14) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके साथ पिछले दिनों सतीश नामक एक युवक ने दुष्कर्म किया था। इसमें एक महिला का सहयोग था, वहीं एक अन्य युवक उससे छेड़छाड़ करता था। इस शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पीड़ित छात्रा के परिजनों के अनुसार, उनकी बेटी को लगभग एक माह पहले पड़ोस में रहने वाली युवती अपने साथ ले गई, उसके घर में सतीश पहले से मौजूद था। उसने किशोरी से छेड़छाड़ की और दुष्कर्म भी किया। इसी तरह की घटना उसके साथ एक से ज्यादा बार हुई।
पीड़िता के परिजनों के मुताबिक, किशोरी से सतीश का एक साथी भी छेड़छाड़ करने लगा और उसने शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। पीड़िता ने यह बात अपने पिता को बताई, जिस पर उन्होंने आजाक थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला सहित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
dharmpath.com dharmpath