मप्र : दुष्कर्मियों को फांसी के प्रावधान, होगा शिवराज का अभिनंदन

भोपाल, 8 दिसंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के आरोपियों को फांसी की सजा दिए जाने का विधेयक लाकर विधानसभा में पारित कराने पर 14 दिसंबर को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का अभिनंदन किया जाएगा। यह बात भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नंद कुमार सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं की बैठक में यहां शुक्रवार को कही।

भाजपा के प्रदेश कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, चौहान ने कार्यकर्ताओं को बताया कि विधानसभा में 12 साल से कम उम्र की बच्चियों के साथ दरिदंगी करने वालों को फांसी दिए जाने का विधेयक जब से पारित हुआ है, तब से निरंतर प्रदेश भर के सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक महिला संगठन मुख्यमंत्री का अभिनंदन करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, “चूंकि संगठनों की संख्या अधिक है, इसलिए सभी को एक ही स्थान पर 14 दिसंबर को अभिनंदन के लिए आमंत्रित किया गया है। यह पूरा अभिनंदन समारोह इन संगठनों द्वारा आयोजित किया जाएगा, लेकिन भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता होने के नाते हमें और विशेष रूप से महिला कार्यकर्ताओं को इस अभिनंदन समारोह में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी है।”

चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री की इस संवेदनशील और साहसिक पहल से अनाचारियों में भय पैदा होगा। इस फैसले की जानकारी समाज की प्रत्येक बहन, बेटी, माता तक जाए और उनको जागरूक किया जाए। ऐसा करने से समाज में नारी का गौरव और सम्मान दोनों बढ़ेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री चौहान के मुकाबले देश में ऐसा कोई दूसरा मुख्यमंत्री नहीं है, जिसने नारी सशक्तिकरण के लिए एक के बाद एक कई कदम उठाए हों।

प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि सभी निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को देने वाला मध्य प्रदेश पहला राज्य है। चाहे कन्यादान योजना हो, जननी सुरक्षा हो, लाडली लक्ष्मी योजना हो, साइकिल वितरण हो, गांव की बेटी योजना हो, ऐसे तमाम काम शिवराजसिंह चौहान ने किए हैं, जो बेटियों के सम्मान को शिखर पर ले जाएंगे।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपनी सरकार के इन कामों को पूरी तन्मयता के साथ समाज के बीच ले जाएं। यदि महिलाओं में चेतना जाग्रत हो गई, तो कोई भी अपराध करने की हिम्मत नहीं जुटाएगा और यह पुण्य हमारे खाते में जाना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने रानी पदमावती के सम्मान में मध्य प्रदेश सरकार द्वारा लिए गए फैसलों की विस्तार से चर्चा की।

इस बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, राष्ट्रीय मंत्री व सांसद ज्योति धुर्वे, प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना बघेल, प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा, मनोहर उंटवाल, बंशीलाल गुर्जर सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493