छात्राओं के सपनों को जेकेपी लगा रहा हौसलों के पंख : अरबाज

कुंडा (प्रतापगढ़), 10 दिसम्बर (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता अरबाज खान ने कहा कि सरकार ने कुछ साल से ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना को बढ़ावा दिया है, लेकिन प्रतापगढ़ में लड़कियों को सशक्त करने की कोशिशें पिछले कई सालों से जारी हैं। उन्होंने कहा कि यहां की लड़कियों के सपनों को जेकेपी हौसलों के पंख दे रहा है।

जगदगुरु कृपालु परिषत (जेकेपी) की ओर से संचालित कृपालु महिला महाविद्यालय के आठवें वार्षिकोत्सव ‘उत्थान’ में हिस्सा लेने आए अरबाज ने कहा, “जगदगुरु कृपालु परिषत की ओर से संचालित कृपालु महिला महाविद्यालय अलग-अलग धर्मो और वर्गो की हजारों बेसहारा और गरीब लड़कियों को 100 प्रतिशत मुफ्त शिक्षा दे रहा है। यहां की लड़कियों के सपनों को जेकेपी हौसलों के पंख दे रहा है।”

उन्होंने इन सामाजिक कार्यो के लिए जेकेपी की अध्यक्ष डॉ. विशाखा त्रिपाठी, डॉ. श्यामा त्रिपाठी, डॉ. कृष्णा त्रिपाठी, राम भैया और उनके भाई लक्ष्मण को बधाई दी।

अरबाज ने आगे कहा, “कुंडा आने पर पता चला कि सितम्बर 2016 में एक साथ 5700 लड़कियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया। महिला सुरक्षा की दिशा में यह कदम अभूतपूर्व है। इस कार्यक्रम को लिम्का बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड में भी जगह मिली है।”

वार्षिकोत्सव में कॉलेज की छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम में ऑल इंडिया एंटी टेररिस्ट फ्रंट (एआईएटीएफ) के प्रमुख मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने कहा, “छात्राओं के संवर्धन की ऐसी पहल उन लोगों को और प्रोत्साहित करेगी, जो अपने कार्यो और प्रतिभा के दम पर प्रदेश का नाम ऊंचा करने का सपना देखते हैं।”

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने मोबाइल फोन से संबोधन कर परिषत के सामाजिक कार्यो की सराहना की।

जेकेपी के सचिव रामपुरी ने बताया कि परिषत की ओर से मनगढ़ आश्रम में बालिकाओं के लिए प्राइमरी से परास्नातक तक की शिक्षा मुफ्त दी जाती है। इसके तहत छात्राओं को उनके घर से लाने और ले जाने की भी सुविधा दी जाती है।

राम पुरी ने बताया, “जगद्गुरु कृपालु चिकित्सालय में रोगियों के भी मुफ्त इलाज की व्यवस्था है। रोगियों के परिजनों के खाने-पीने और रहने का भी प्रबंध किया जाता है। इसके अलावा समय-समय पर मुफ्त नेत्र चिकित्सालय शिविर व अन्यक चिकित्सान शिविर का आयोजन भी परिषत की ओर से किया जाता है।”

ग्रामीण एवं निर्धन बालिकाओं के शैक्षिक उत्थान के लिए जगदगुरु कृपालु परिषत एजुकेशन की ओर से प्रतापगढ़ जिले की कुंडा तहसील में तीन शिक्षण संस्थान-कृपालु महिला महाविद्यालय, कृपालु बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज और कृपालु बालिका प्राइमरी संचालित किए जाते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493