उप्र : विदेशी पर्यटकों से बदसलूकी के आरोप में 8 गिरफ्तार

लखनऊ/मिर्जापुर, 11 दिसंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में कुछ युवकों द्वारा फ्रांसीसी दल के साथ आई लड़की से छेड़खानी करने का मामला सामना आया है। आरोप है कि इसका विरोध करने पर कुछ युवकों ने विदेशी दल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए 12 लोगों के खिलाफ छेड़खानी और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।

वाराणसी के अस्सी घाट से फ्रांस के एनजीओ में कार्यरत 6 विदेशी नागरिक, जिसमें 4 महिला, 2 पुरुष और वाराणसी की 3 युवतियां और एक युवक रविवार को लखनिया दरी वॉटरफॉल पर पिकनिक मनाने पहुंचे थे।

आरोप है कि दल में शामिल रिया दत्त नाम की लड़की के साथ विवेक नाम का लड़का छेड़खानी करने लगा। जब साथ आए विदेशियों ने विरोध किया, तो विवेक ने फोन करके अपने अन्य साथियों को बुला लिया। इसके बाद रिया दत्त और उसके साथ आए लोगों के साथ मारपीट की गई। इसी दौरान विदेशी सैलानियों के साथ कथित तौर पर बदसलूकी की गई।

पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने बताया, “लड़की से छेड़खानी के मामले में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493