चंडीगढ़, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)। देश के विभिन्न हिस्सों में चल रहे 63वें राष्ट्रीय स्कूल खेलों में पंजाब के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है।
देहरादून में राष्ट्रीय स्कूल खेल की मुक्केबाजी स्पर्धा में अंडर-17 वर्ग में लड़कों और लड़कियों के मुकाबलों में पंजाब के प्रतिभागियों ने 2 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य पदक जीते।
शिक्षा मंत्री अरुण चौधरी ने राष्ट्रीय स्कूल खेल में पंजाब के खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन के लिए खेल विभाग को बधाई दी और खिलाड़ियों को भी मुबारकबाद दी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार को अपने खिलाड़ियों पर गर्व है, जिन्होंने राष्ट्रीय स्कूल खेल में अच्छा प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त कि भविष्य में यह खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे।
शिक्षा विभाग के खेल विंग के राज्य आयोजक रुपिन्दर रवि ने कहा कि देहरादून में अंडर-17 मुक्केबाजी में लड़कियों के मुकाबलों में पंजाब की तानिशबीर कौर संधू ने स्वर्ण, संदीप कौर, चांदनी मेहरा और कमलप्रीत कौर ने रजत और दिक्षा राजपूत ने कांस्य पदक जीता। लड़कों के वर्ग में कुलदीप सिंह ने स्वर्ण, आकाशदीप सिंह ने रजत और प्रतीम ने कांस्य पदक जीते।
dharmpath.com dharmpath