सिर्फ हिंदी भारत को एकजुट रख सकती है : केंद्रीय मंत्री

आगरा, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)। मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री सत्यपाल सिंह ने सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर एक अंतर्राष्ट्रीय सभागार का उद्घाटन करने के बाद कहा कि सिर्फ हिदी भारत को एकजुट रख सकती है।

केंद्रीय हिंदी संस्थान में भाषाविदों, विदेशी छात्रों व स्थानीय राजनेताओं को अपने संबोधन में मंत्री ने कहा, “सिर्फ हिंदी भाषा ही देश को एकजुट रख सकती है।”

उन्होंने कहा कि संस्थानों में पढ़ रहे छात्र ‘देश के सच्चे दूत हैं।’

सिंह ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि चीन, जर्मनी व जापान जैसे देशों को अपनी भाषाओं पर राष्ट्रीय दिवस का आयोजन नहीं करना पड़ता जबकि हम हिंदी दिवस मनाते हैं।

उन्होंने कहा कि हिंदी देश की भावना व पांच हजार साल पुरानी वैदिक संस्कृति का प्रतिनिधित्व करती है।

उन्होंने कहा, “स्वामी दयानंद सरस्वती ने सबसे पहले हिंदी को लोकप्रिय बनाने का काम किया और कांग्रेस के मंच से हिंदी बोलने वाले सबसे पहले व्यक्ति श्रद्धानंद थे। लेकिन, कुछ ही लोग उनके इस योगदान को जानते हैं।”

मंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति को लोकप्रिय बनाने के लिए हिंदी को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देना जरूरी है।

केंद्रीय हिंदी संस्थान के इस प्रेक्षागृह के निर्माण में साढ़े आठ करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इसमें सभी आधुनिक सुविधाएं हैं और साढ़े तीन सौ लोग इसमें बैठ सकते हैं।

केंद्रीय हिंदी संस्थान के निदेशक के.एन.पांडेय ने आईएएनएस से कहा, “केंद्रीय हिंदी संस्थान अपने आपमें एक छोटी दुनिया है। यहां 41 देशों के विद्यार्थी हिंदी पढ़ रहे हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493