नीतीश की यात्रा में सरकारी खर्च से जुटाई जा रही भीड़ : लालू

पटना, 15 दिसंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने यहां शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समीक्षा यात्रा पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि इस यात्रा में सरकारी पैसे खर्च पर भीड़ जुटाई जा रही है। उन्होंने इस यात्रा को ‘विकास समीक्षा यात्रा घोटाला’ बताया।

पटना में एक संवाददाता सम्मेलन में लालू ने कहा, “विकास समीक्षा यात्रा के दौरान सरकारी खर्च पर बिहार ग्रामीण आजीविका परियोजना के स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को बुलाया जाता है। उनके रहने से लेकर खाने तक की व्यवस्था सरकार कर रही है। सरकारी खर्चे पर बिहार में विकास दिखाया जा रहा है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की सभा में लोगों को जुटाने के लिए गरीबों को परेशान किया जा रहा है।

लालू ने नीतीश कुमार की समीक्षा यात्रा को लेकर सरकार के आदेश की प्रति जारी करते हुए पूछा कि आखिर जीविका महिला सदस्यों के माध्यम से भीड़ क्यों जुटा रहे हैं? उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा आदेश जारी किया गया कि हर सभा में कम से कम 4000 जीविका सदस्यों को लाया जाए।

उन्होंने इस यात्रा पर सरकारी खर्च की जांच की भी मांग की। उन्होंने अनुमान लगाते हुए कहा कि समीक्षा यात्रा के दौरान एक जिले में सरकार के 10 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं।

लालू ने कहा कि सरकार के अधिकारी इस यात्रा में व्यस्त हैं, जिस कारण सभी सरकारी कार्य ठप्प हैं। गरीबों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों विकास कार्यो की हकीकत जानने के लिए समीक्षा यात्रा पर हैं। मुख्यमंत्री की यह यात्रा मंगलवार से पश्चिम चंपारण जिले से शुरू हुई है। प्रथम चरण की यात्रा 16 दिसंबर को पूरी होगी। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री राज्य के सभी जिलों में जाएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493