हिमाचल चुनाव : भाजपा सत्ता के करीब, धूमल पिछड़े (लीड-6)

शिमला, 18 दिसंबर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की मतगणना के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 21 पर जीत दर्ज की है और 15 सीटों पर आगे चल रही है। हालांकि पार्टी प्रदेश इकाई अध्यक्ष को अपनी विधानसभा में हार का सामना करना पड़ा, जबकि मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल भारी अंतर से पीछे चल रहे हैं।

सत्तारूढ़ कांग्रेस अभी तक 10 सीटों पर जीत दर्ज करने में सफल रही है, साथ ही मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार और निवर्तमान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अर्की विधानसभा पर अपनी प्रतिष्ठा के अनुरूप जीत दर्ज की है।

उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह ने भी शिमला (ग्रामीण) विधानसभा सीट पर आसानी से अपनी पहली जीत दर्ज की है। इस सीट पर उनसे पहले उनके पिता का कब्जा था।

भाजपा को हिमाचल में सत्ता की बागडोर को संभालने के लिए 35 सीटों की जरूरत है।

भाजपा प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती को ऊना विधानसभा सीट पर कांग्रेस के सतपाल सिंह रायजादा के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा।

भाजपा के मुख्यमंत्री उम्मीदवार धूमल सुजानपुर सीट पर अपने करीबी प्रतिद्वंदी कांग्रेस के राजिंदर राणा से भारी अंतर से पीछे चल रहे हैं।

धूमल के करीबी रविंदर रवि, गुलाब सिंह और रणधीर शर्मा अपनी अपनी सीटों पर हार चुके हैं।

कांग्रेस के कैबिनेट मंत्री सुधीर शर्मा, ठाकुर सिंह और प्रकाश चौधरी को भाजपा से हार का सामना करना पड़ा।

भाजपा के इंदर सिंह गांधी ने मंडी जिले के बाल्ह से कांग्रेस के उम्मीदवार प्रकाश चौधरी को बड़े अंतर से हराया।

इसी तरह भाजपा के रवींद्र धीमान ने कांग्रेस के मौजूदा विधायक यदविंदर गोमा को जयसिंहपुर सीट से हराया। भाजपा के किशोरी लाल ने एनी सीट से कांग्रेस के बंसीलाल को हराया।

भाजपा के मौजूदा विधायक सुरेश भारद्वाज ने शिमला सीट से कांग्रेस के हरभजन भज्जी को हराया।

अनिल शर्मा ने मंडी सीट बरकरार रखी है। शर्मा ने सरकार और सत्तारूढ़ कांग्रेस से इस्तीफा देकर अपने पिता और पूर्व दूरसंचार मंत्री सुखराम के साथ चुनाव से पहले विपक्षी भाजपा का दामन थामा था।

भाजपा और कांग्रेस के दिग्गजों रविंदर रवि और विप्लव ठाकुर को देहरा से निर्दलीय उम्मीदवार होशियार सिंह से हार का सामना करना पड़ा।

कांग्रेस के मौजूदा विधायक अनिरुद्ध सिंह ने भाजपा के विजय ज्योति सेन को हराकर जीत दर्ज की। दोनों शाही परिवारों से ताल्लुक रखते हैं।

भाकपा के राकेश सिंघा ने ठियोग से भाजपा के अपने निकट प्रतिद्वंद्वी राकेश वर्मा को हराया।

हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता गणेश दत्त ने आईएएनएस को बताया, “हमने आधा रास्ता पार कर लिया है, जिससे स्पष्ट है कि हम राज्य में सरकार बनाने जा रहे हैं।”

नौ नवंबर को हुए चुनाव में कुल 337 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। राज्य में हुए चुनाव में कुल 37,83,580 लोगों ने मतदान किया था। इस दौरान मतदान प्रतिशत 75.28 रहा।

कांग्रेस और भाजपा ने सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ा था। ज्यादातर एग्जिट पोल से भाजपा के सत्ता में लौटने के संकेत मिले थे।

वर्ष 1985 से राज्य में निरंतर पांच साल के अंतराल पर सत्ता का फेरबदल होता है। वर्ष 2012 में अन्ना हजारे के कांग्रेस विरोधी आंदोलन के बाद यहां कांग्रेस ने 36 सीटें जीती थीं और भाजपा 26 पर सिमट गई थी और निर्दलियों ने छह सीटें अपने नाम की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493