नई दिल्ली, 18 दिसम्बर (आईएएनएस)। पश्चिमी दिल्ली में सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार रोड डिवाइडर से टकरा गई और लोहे की ग्रिल को टूट गई। पुलिस ने कहा कि कार चालक नशे में था, जिसे मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस ने कहा कि दुर्घटना सुबह करीब तीन बजे रिंग रोड पर राजौरी गार्डन की है। वहां से गुजर रहे एक शख्स ने ईएसआई अस्पताल के नजदीक हुई इस घटना के बारे में पुलिस को सूचना दी।
पुलिस उपायुक्त विजय कुमार ने कहा, “जांच के दौरान, एक बीएमडब्ल्यू कार, जिसका पंजीकरण नंबर चंडीगढ़ का है, डिवाइडर से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त हालत में पाई गई है। गाड़ी का मालिक ऋषि, उसे चला रहा था, जिसे मामूली चोटें आई हैं।”
कुमार ने कहा, “प्रथम दृष्टया लग रहा है कि बीएमडब्ल्यू तेज रफ्तार में थी और चालक ब्रेक लगाने में नाकाम रहा, जिसके कारण कार डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना के वक्त चालक नशे में धुत था।”
अधिकारी ने कहा कि ऋषि वेस्ट पंजाबी बाग का रहने वाला है, जिसकी मेडिकल जांच कराई गई है और उसके ऊपर लापरवाही और तेज रफ्तार गाड़ी चलाने के अरोप लगाए गए हैं।
dharmpath.com dharmpath