चंडीगढ़, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। रिलायंस फाउंडेशन की यूथ स्पोर्ट्स एथलेटिक्स चैम्पियनशिप बुधवार को सेक्टर-7 स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में शुरू हो रही है, जिसमें कुल 700 बच्चे हिस्सा ले रहे हैं।
इस चैम्पियनशिप का पहला चरण चार दिसंबर को हैदराबाद में आयोजित किया गया था। यह चैम्पियनशिप कुल आठ शहरों में आयोजित की जाएगी, जिसमें 2,000 स्कूलों से कुल 15,000 लड़कियां और 20,000 लड़के हिस्सा लेंगे जो इसे देश का सबसे बड़ा टूर्नामेंट बनाएंगे।
आरएफवाईएस फुटबाल की अपार सफलता के बाद रिलायंस फाउंडेशन की एथलेटिक्स चैम्पियनशिप संस्था के खेल विकास के लक्ष्य को और मजबूती देगी।
चंडीगढ़ में होने वाली यह स्पर्धा कुल चार वर्गो में आयोजित की जाएगी जिसमें जूनियर ब्वॉयज (सातवीं-दसवीं कक्षा), जूनियर गर्ल्स (नौवीं और 10वीं कक्षा), सीनियर ब्वॉयज (11वीं और 12वीं कक्षा), सीनियर गर्ल्स (11वीं-12वीं कक्षा) शामिल हैं। कुल 11 स्पर्धा- 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर, 5000मीटर, 4 गुणा 100 रिले, ऊंची कूद, ट्रिपल जम्प और लंबी कूद शामिल है।
मुंबई, दिल्ली, चंडीगढ़, कोलकाता, हैदराबाद, बेंगलुरू, चेन्नई और कोझीकोड़ में यह चैम्पियनशिप खेली जाएगी। हर शहर का सर्वश्रेष्ठ एथलीट जनवरी में होने वाली राष्ट्रीय चैम्पियनशिप का हिस्सा होगा।
सर्वश्रेष्ठ स्कूल और विजेता एथलीटों को नगद पुरस्कार के साथ ही स्कॉलरशिप दी जाएगी। इस टूर्नामेंट की कुल राशि 40 लाख है।
सभी स्पर्धा अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स महासंघ (आईएएएफ) के नियमों पर आयोजित की जाएंगी। हर खेल के हर वर्ग में आईएएएफ की स्कोरिंग टेबल के हिसाब से सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का चुनाव करेंगे।
इस चैम्पियशिप का हिस्सेदार भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) होगा जो इसके तकनीकी रूप पर ध्यान देगा।
dharmpath.com dharmpath